रेणुका विकास बोर्ड का होगा पुनर्गठन

ददाहू (सिरमौर)। रेणुका विकास बोर्ड के गठन को लेकर अटकलें अब पूरी तरह से थम गई है। आज आयोजित होने वाली रेणुका विकास बोर्ड की बैठक में बोर्ड का पुनर्गठन किया जाएगा। इसी बैठक में सीईओ का चुनाव भी कर दिया जाएगा। पहली बैठक में सभी 33 सदस्यों सहित विभागीय अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। इस बार बोर्ड के गैर सरकारी सदस्यों की संख्या को 22 से बढ़ाकर 33 कर दिया गया है। जबकि समस्त विभागों के अधिकारी एवं उप निदेशक बोर्ड के सरकारी सदस्यों के रूप में शामिल किए जाने हैं। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से अधिसूचना के अनुसार रेणुका के विधायक एवं सीपीएस विनय कुमार को नया अध्यक्ष बनाने की बात कही जा रही है। सूची के मुताबिक उपायुक्त सिरमौर को उपाध्यक्ष तथा एसडीएम संगड़ाह बोर्ड के सदस्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। पहली बार किसी विधायक के बोर्ड का अध्यक्ष बनाए जाने की संभावनाओं से क्षेत्र का माहौल गर्मा गया है। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में 13 सरकारी तथा 33 गैर सरकारी सदस्यों को बोर्ड में जगह दी गई है। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने आज बोर्ड की बैठक होने की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें बोर्ड के आय व्यय के साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

Related posts