
मंडी। अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद ने लोगों से आह्वान किया कि वह रेडक्रास सोसायटी को उदारता से धन दें। यह धन गरीब और असहाय लोगों की सहायता पर व्यय किया जाता है।
मंगलवार को जिला स्तरीय रेडक्रास मेले के आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी गोपाल चंद ने बताया कि 27 अक्तूबर को सेरी मंच पर मेले का आयोजन किया जा रहा है। शुभारंभ मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह करेंगी। सेरी मंच पर खानपान तथा अन्य स्टॉल लगाए जाएंगे। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी मेले का मुख्य आकर्षण हाेंगी। व्यापार मंडल द्वारा तंबोला का आयोजन किया जाएगा। स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा। मीटिंग में एसडीएम सदर शुभकरण सिंह, आबकारी एवं कराधान अधिकारी राकेश भारती, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक रविंद्र ठाकुर, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक टीएस नेगी, खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा, परियोजना अधिकारी हिम ऊर्जा हितेश कपूर, श्रम निरीक्षक भावना शर्मा, जिला रेडक्रास सोसायटी सचिव ओपी भाटिया भी मौजूद रहे।
