रेट लिस्ट लगाओ नहीं तो कार्रवाई

पांवटा साहिब(सिरमौर)। एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा ने कहा कि सब्जी विक्रेता रेट लिस्ट लगाए। मनमाने सब्जियों के दाम वसूलने वालों पर अंकुश लगाया जाएगा। रेट लिस्ट नहीं लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम पांवटा सोमवार को पांवटा में आयोजित बैठक में बोल रहे थे। बैठक में प्रदेश सरकार और डीएम की ओर से जारी जारी दिशा-निर्देश की जानकारी दी गई।
एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा ने कहा कि सब्जियों के दाम मनमाने वसूलने वालों पर नजर रखी जाएगी। सब्जी मंडी में पहले ही आढ़तियों के लिए आढ़त मुनाफा तय कर किया गया है। सिरमौर सब्जी मंडी पांवटा से प्रतिदिन सब्जियों के दामों की सूची प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए। इससे सब्जी मंडी, थोक विक्रेता और खुदरा (रिटेलर) विक्रेताओं के विक्रय दाम वसूलने के बारे में पता चल सके। थोक में सब्जियां खरीदने के बाद खुदरा विक्रेता मुनाफा 20 फीसदी तय किया गया है। मनमाने दामों पर सब्जियां बेचने व सब्जियों के विक्रेता यदि रेट लिस्ट नहीं लगाते तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में सब्जियों के बढ़ते दाम और कुछ सब्जी विक्रेताओं की ओर से मनमाने दाम वसूलने पर अंकुश लगाने पर विचार किया गया। इस मौके पर सिरमौर मंडी समिति अध्यक्ष गीता राम ठाकुर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक पांवटा श्याम भाटिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष पांवटा ब्रजेश गोयल, सुनील कुमार, अजय कुमार आदि मौजूद थे।

Related posts