रेट लिस्ट नहीं लगाने वालों पर शिकंजा

बिलासपुर। रेट लिस्ट बगैर सामान बेचने वालों की अब खैर नहीं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कस दिया है। किसी भी दुकान में वहां मिलने वाली वस्तुओं की रेट लिस्ट लगानी जरूरी कर दी गई है। छापामारी अभियान छेड़ते हुए विभाग ने मीट विक्रेताओें पर शिकंजा कसा। तीन दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने 30 किलोग्राम मीट और 17 किलोग्राम चिकन सीज किया है। उधर, इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है।
जनपद में बिना रेट लिस्ट सामान बेचा जा रहा है। प्रशासन द्वारा निर्धारित दाम से अधिक वसूली की भी कई बार शिकायतें आती रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने दुकानों में छापामारी अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को मीट मार्केट में दबिश देते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक शिव राम की अगुवाई वाली टीम ने विभिन्न दुकानों की चैकिंग की। तीन दुकानों में रेट लिस्ट नहीं लगी होने के कारण वहां बिक्री को रखा तमाम मीट और चिकन जब्त कर दिया गया। शिव राम ने कहा कि मामला अब जिला कलेक्टर के पास जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों को कड़ाई से लागू किया जाएगा। जिले भर में विभाग इस तरह का आंदोलन छेड़ने जा रहा है। उन्होंने कारोबारियों से भी अपील की है कि नियमों का पालन करें।

Related posts