
शिमला। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) में फिलहाल निजी विश्वविद्यालय नहीं आएंगे। इस मसले पर चरचा चल रही है। मानव संसाधन मंत्रालय के सचिव उच्च शिक्षा अशोक ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय स्तर पर निजी विवि को इसमें लाने पर फैसला अभी नहीं लिया है। निजी विवि को नियंत्रित करने के लिए सभी राज्यों को आयोग बनाए जाने चाहिए।
एडवांस्ड स्टडी में अंतरराष्ट्रीय मानव संसाधन केंद्र के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय सचिव ने कहा कि इस केंद्र के बनने से मानव संसाधन पर एक ही मानकों से शोध होगा। हालांकि केंद्र, राज्य और अन्य संस्थाओं की ओर से शोध होता है, लेकिन इन सभी के मानक अलग-अलग होते हैं। ऐसे में नेशनल या इंटर नेशनल स्तर पर शोध उपयोगी साबित नहीं हो रहे हैं। एडवांस्ड स्टडी में बने केंद्र में एक ही मानक तय कर शोध किया जाएगा। यह हिमाचल, भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों के लिए उपयोगी साबित होंगे। यूएन, केंद्र सरकार और एडवांस स्टडी के समझौते में केंद्र स्थापित होने से पॉलिसी बनाने के लिए भविष्य में कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। इस साल विदेशी शोधकर्ता शीघ्र ही ज्वाइन करेंगे। यह सामाजिक मुद्दों पर शोध करेंगे। उन्होंने एडवांस स्टडी के रेन्यूवेशन के लिए पचास करोड़ रुपये का प्रावधान करने का खुलासा किया। इस राशि का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग रेन्यूवेशन का काम करेंगे। उन्होंने केंद्र का शुभारंभ भी किया। इस मौके पर केंद्रीय कल्चर विभाग के संयुक्त सचिव संजीव मित्तल, निदेशक प्रो. चेतन सिंह, पूर्व निदेशक और नए केंद्र के निदेशक प्रो. पीटर रोनाल्ड डिसूजा मौजूद थे।
—
भूटान, कंबोडिया से आएंगे शोधकर्ता
एडवांस्ड स्टडी में नए बने केंद्र में शोधकर्ता भूटान और कंबोडिया से आएंगे। शोध करने के लिए 93 ने आवेदन किया था। छह का शोध के लिए चयन हुआ है।
