रूसा प्रणाली छात्र हित से खिलवाड़

धर्मपुर (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में आयोजित एबीवीपी के जनरल हाउस में रूसा प्रणाली को लेकर विवि प्रशासन पर निशाना साधा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण शर्मा ने की। परिषद के कार्यकर्ताओं ने रूसा प्रणाली के विरोध में प्रदर्शन भी किया। कहा कि रूसा की वजह से छात्र-छात्राओं का भविष्य चौपट हो रहा है। विरोध के बावजूद भी सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन कोई रुचि नहीं ले रहा है।
उन्होंने कहा कि नियम तो बना दिए लेकिन उन्हें चलाने के लिए कोई प्रबंध नहीं किया। अभी तक प्रथम सेमेस्टर का परिणाम तक घोषित नहीं हुआ है। इस कारण उन्हें कई समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने धर्मपुर महाविद्यालय की समस्याओं को दूर करने के लिए क्रमिक अनशन किया। कॉलेज में बिजली का प्रबंध तक नहीं हो पाया है। केवल तीन कमरों प्राचार्य कक्ष, स्टाफ रूम और एक अन्य रूम में ही बिजली है। स्टडी रूम और साइंस लैब में बिजली का प्रबंध नहीं है। कहा कि अगर जल्द उनकी मांगों को नहीं माना गया तो एबीवीपी उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। इसकी पूरी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार और कॉलेज प्रशासन की होगी। इस मौके पर इकाई अध्यक्ष दीपक कुमार, इकाई सचिव अजय कुमार, किरण, राजकुमार, कंचना, मधुवाला, राकेश कुमार, प्रियंका, अंजना, अक्षय, मधु कुमारी, पुजा, नीलम, दिनेश, रोहित, रीता, संतोष, बंटी सकलानी और कनिका मौजूद रहे।

Related posts