
नाहन (सिरमौर)। एसएफआई की नाहन इकाई ने वीरवार को कॉलेज परिसर में विवि प्रशासन द्वारा लागू सेमेस्टर सिस्टम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर एससीए उपाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि उप कुलपति एडीएन वाजपेयी द्वारा पद संभालने के बाद से शिक्षा को निजी हाथों में बेचने की प्रक्रिया शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि रूसा की यह जटिल व्यवस्था हिमाचल जैसे पहाड़ी क्षेत्र में लागू नहीं होनी चाहिए। प्रदेश के कुछ जिले चंबा, सिरमौर व लाहौल स्पिति आदि में 4 से 5 माह तक बर्फ रहती है, जिसके कारण यहां पर छह माह बाद सेमेस्टर परीक्षा नहीं हो सकती। इसके साथ ही छह माह में परीक्षा होने पर छात्राें के परिणाम भी समय पर घाषित नहीं हो पाएंगे। कैंपस सचिव अमित कुमार ने बताया कि कॉलेज के भीतर छात्राओं के साथ बढ़ रही घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई हेतु प्रशासन को एक लिंग संवेदनशील समिति का गठन करना चाहिए, ताकि छात्राएं अपनी समस्याओं को लेकर कमेटी को सूचित कर सके। इस मौके पर एसएफआई उपाध्यक्ष शगुन, नीतिश, जगत नेगी, सुमन, संजीव, प्रियंका, सरिता, भारती, मीनाक्षी, अभय, योगेश, अनिल व विकास आदि उपस्थित रहे।
