रूसा के विरोध में छेड़ा हस्ताक्षर अभियान

रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर में एसएफआई ने रूसा के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। पांच दिवसीय अभियान में एसएफआई आम छात्र-छात्राओं को रूसा की खामियां बताकर उन्हें विरोध के लिए तैयार करेगी। एसएफआई का कहना है कि विवि ने जल्दी में रूसा को लागू करने का निर्णय लिया है इसलिए यह छात्रहित में नहीं है।
इकाई अध्यक्ष मुकेश कुमार और सचिव रुचिका वजीर ने कहा कि अभी न तो सिलेबस तैयार हुआ है। न किताबें छप पाई हैं, बावजूद इसके विश्वविद्यालय ने रूसा को लागू किया है। यह छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय है। रूसा में छात्र-छात्राओं को अपने मनपसंद विषय को पढ़ने का अधिकार भी नहीं दिया गया है। मेजर विषय में 120 सीटें निर्धारित किए जाने के कारण ऐसा हुआ है। मेजर विषय में सीटें निर्धारित नहीं होनी चाहिए थीं।
उन्होंने विवि से निर्धारित सीटों को बढ़ाने की भी मांग की ताकि छात्र-छात्राएं अपने मनपसंद विषय पढ़ सके। रामपुर कालेज में करीब एक दर्जन विषय के प्रवक्ता नहीं हैं। ऐसे में पढ़ाई में बाधा आएगी। उन्होंने विवि प्रशासन से सिलेबस शीघ्र तैयार करने समेत किताबें जल्द उपलब्ध कराने की मांग की ताकि विद्यार्थी पढ़ाई कर सकें। सेमेस्टर सिस्टम के तहत छह महीने में पेपर होनेे हैं। ऐसे में छात्र परीक्षा में क्या लिखेंगे। इकाई सचिव ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान पांच जुलाई तक चलेगा। अभियान पूरा होने के बाद हस्ताक्षरयुक्त विरोध ज्ञापन विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजा जाएगा। कालेज स्तर पर भी इसका विरोध होगा। हस्ताक्षर अभियान में श्याम सिंह, लवीश सिंघा, मुकेश सिंघानिया, अर्बन राठौर, दीक्षा शर्मा, जनक कुमार, रवीना कुमारी, निशा, उपेंद्र, नीरज, सुरेश व विक्रांत आदि शामिल रहे।

Related posts