
मंडी। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान तथा कालेज की मांगों को लेकर विद्यार्थी परिषद आंदोलनरत हो गई है। वीरवार से विद्यार्थी परिषद मांगों को लेकर कालेज स्तर पर एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठी। परिषद की 24 घंटे की यह भूख हड़ताल विश्वविद्यालय तथा कालेज प्रशासन के लिए चेतावनी है। मंडी सहित बासा, धर्मपुर तथा अन्य कालेजों में विद्यार्थी परिषद ने भूख हड़ताल शुरू की। इस बीच परिषद ने ऐलान किया है कि यदि मांगों पर उचित आश्वासन नहीं मिले तो 24 घंटे की यह हड़ताल आगे भी खिसक सकती है।
वीरवार को हड़ताल पर जाने से पहले परिषद कार्यकर्ताआें ने रूसा तथा विवि प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। छात्र वर्ग की अनदेखी तथा कालेज हित के मुद्दे परिषद की जुबां पर हावी रहे। मंडी कालेज में परिषद की भूख हड़ताल दोपहर ठीक 12 बजे शुरू हुई। इकाई अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने कहा रूसा के तहत पहले सेमेस्टर की परीक्षा दिसंबर माह में होनी है, लेकिन कालेजाें में अभी तक कक्षाएं सुचारु रूप से शुरू नहीं हो सकी हैं। कालेज में माइनर विषय की समय तालिका भी तैयार नहीं की गई है। वाणिज्य संकाय में सीटें कम हैं। जिससे हजाराें छात्रों को वाणिज्य की पढ़ाई से वंचित रहना पड़ रहा है। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि रूसा में रह गई खामियाें को तत्काल दूर किया जाए। मंडी कालेज में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता अजय, अवनीश, पुष्पराज, देशराज, भीष्म राज, घनश्याम, सुनील एवं राहुल भूख हड़ताल पर बैठे।
उधर, बासा कालेज में अभाविप कार्यकर्ताआें ने रूसा के विरोध तथा कालेज की मांगों को लेकर एक दिवसीय भूख हड़ताल शुरू की। कार्यकर्ताआें ने कालेज परिसर से प्राचार्य कार्यालय तक रैली निकाली। बासा कालेज में इकाई अध्यक्ष हेमंत कुमार की अगुवाई में सचिव अनिल कुमार, अंकुश, चंदन, सुरेश, भूपेंद्र, महेंद्र, तिलक राज, यशपाल, रूबीन, विनय, कमल, पंकज, किशोर, राजेश एवं टेक चंद आदि भूख हड़ताल पर हैं। परिषद की मांग है कि कालेज में खेल मैदान शीघ्र बनाया जाए। उधर, धर्मपुर कालेज में भी एबीवीपी 24 घंटे की भूख हड़ताल पर है। रूसा के विरोध तथा कालेज में साइंस एवं कामर्स की कक्षाएं शुरू करना, खेल मैदान की दशा में सुधार एवं बाहरी तत्वाें की रोक आदि मांगों को लेकर यहां अभाविप कार्यकर्ता सुशील कुमार, अजय कुमार, जय किशन, मुकेश, अनिल, कविता कटवाल, कल्पना, पलक एवं प्रियंका भूख हड़ताल पर बैठे।
