
चंबा। रूसा शिक्षा प्रणाली से कालेज के छात्रों को पेश आ रही दिक्कतों को लेकर भगवा ब्रिगेड उग्र हो गई है। शुक्रवार को स्थानीय कालेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने रूसा के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कालेज परिसर में रैली निकाली और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। एबीवीपी के परिसर अध्यक्ष भुवनेश ने बताया कि एचपीयू प्रशासन की ओर से रूसा प्रणाली को लेकर जल्द कोई कड़ा कदम नहीं उठाया तो एबीवीपी पूरे प्रदेश में इस शिक्षा पद्धति के खिलाफ सड़कों पर उतर कर धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के कारण कालेज के छात्रों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। एबीवीपी के इकाई सचिव बंसी ठाकुर ने बताया कि कालेज के प्रथम वर्ष के छात्रों पर रूसा प्रणाली को थोप कर विवि प्रशासन ने उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। कालेज में कक्षाएं शुरू हुए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक फ्रेशर को रूसा प्रणाली समझ नहीं आई है। इसके अलावा सेमेस्टर सिस्टम ने छात्र पूरी तरह से दुविधा में डाल दिए हैं। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने रूसा के खिलाफ कालेज की प्राचार्य मंजुला शर्मा के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजा है। इस अवसर पर पवन कुमार, अमित भारद्वाज, शिवानी शर्मा, हिमालय, कविता, ममता, संजीव कुमार और राजेश मौजूद रहे।
