
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर एसएफआई इकाई के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय उच्च शिक्षा अभियान रूसा के खिलाफ मंगलवार को हस्ताक्षर अभियान शुरू करते हुए इसे छात्र विरोधी करार दिया है।
इकाई सचिव उमेश ठाकुर और उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि रूसा की नई नीति के चलते जोगिंद्रनगर महाविद्यालय में लगभग पांच सौ विद्यार्थी दाखिला लेने से वंचित रह गए हैं। इकाई के जिला उपाध्यक्ष संजय जम्वाल ने कहा कि इस शिक्षा प्रणाली के लागू होने से गरीब, मजदूर, किसान और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी को शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। इसके तहत मुख्य विषयों की सीटें भी सीमित कर दी गई हैं। रूसा के तहत विद्यार्थियों को लगभग 16 विषय पढ़ने होंगे। जबकि सच्चाई तो यह है कि यह पहले से ही पढ़ाए जा रहे हैं। पहले से चल रहे विषयों की एक वर्ष में ही परीक्षा होती थी, लेकिन इसका परिणाम चार माह बाद आता है। यदि शिक्षा प्रणाली में बार-बार परीक्षाएं होंगी तो परिणाम कब निकलेंगे। साथ ही रूसा के तहत साल में दो बार विद्यार्थियों को फीस चुकानी होगी और पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के नाम पर फीस में बढ़ोतरी की जाएगी और विद्यार्थियों की जेबें खाली की जाएंगी। एसएफआई पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी और शिक्षा प्रणाली की नई नीति को सरकार ने बंद नहीं किया तो प्रदेश में सरकार और विश्वविद्यालय के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
