
मंडी। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के विरोध में अभाविप लामबंद हो गई है। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर रूसा का विरोध किया। कालेज से चौहट्टा बाजार तक रैली निकाली गई। जिसमें करीब तीन सौ कार्यकर्ताआें ने भाग लिया। परिषद कार्यकर्ताआें ने एक ओर जहां रूसा के खिलाफ जमकर हल्ला बोला, वहीं प्रदेश सरकार तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शहर के बीच चौहट्टा बाजार में रैली को इकाई अध्यक्ष योगेश ठाकुर, संगठन मंत्री रजत ठाकुर एवं छात्रा प्रमुख नीलम ने संबोधित किया। संगठन मंत्री रजत ठाकुर ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में सौ करोड़ के लोभ में रूसा को आनन-फानन में लागू कर दिया, लेकिन सेमेस्टर सिस्टम से छात्रों को जो परेशानियां होंगी, उसकी ओर ध्यान नहीं दिया। संगठन मंत्री ने कहा कि रूसा के कारण हजारों छात्रों को शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। जबकि, हजारों छात्र ऐसे हैं जिन्हें मनपसंद विषय नहीं मिले हैं। बर्फ प्रभावित स्थानों में हिमपात के बीच छात्र कैसे परीक्षा दे पाएंगे। वहीं, इकाई अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने कहा कि सरकार अधिक से अधिक छात्राें को शिक्षा दिलाने की बात कर रही है, लेकिन सिस्टम ऐसे लागू किए जा रहे हैं कि उसमें सीटें सीमित हैं। आरोप लगाया कि रूसा को लागू कर सरकार ने प्रदेश के हजाराें छात्रों से उनका मौलिक अधिकार छीना है। सरकार तथा विश्वविद्यालय को चेताया कि रूसा में जल्द सुधार करे अन्यथा बार-बार परिषद के विरोध का सामना करना पड़ेगा।
