
अर्की (सोलन)। भाजपा अर्की मंडल ने पुराने रूठे हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की मुख्य धारा से जोड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। इसी संदर्भ में मंगलवार को पार्टी की मासिक बैठक में संगठन की मजबूती तथा मंडी संसदीय उपचुनाव पर भी चर्चा हुई।
मंडल के अध्यक्ष रमेश ठाकुर की अगुवाई में हुई इस बैठक में सोलन जिला भाजपा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक गोविंद राम शर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। विधायक ने कहा कि पार्टी से रूठ हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी में जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रदेश सरकार तबादलों में व्यस्त है। जनता की परेशानियों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। नवगांव पंचायत अंतर्गत समलोह, सरयांज पंचायत के बाड़ीधार, मकनवाटा, बुईला और कशमली आदि गांवों में पीने के पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। इसके अतिरिक्त दानोघाट के पत्थरागल गांव में भी पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इलाके की सड़कें खस्ताहाल हो चुकी हैं।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि मंडी संसदीय सीट पर हो रहे उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में अर्की से डेढ़ सौ कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया। इस अवसर पर सुरेश जोशी, सुनंदा गौतम, अजीत, राजेश महाजन, प्रभा भारद्वाज, रीता शर्मा, खूब चंद शर्मा, ओम प्रकाश, यशपाल कश्यप, जगदीश ठाकुर तथा कमल कांत आदि मौजूद रहे।
