
पधर (मंडी)। द्रंग युवा कांग्रेस ने परिवहन निगम मंडी डिपो की मंडी-द्रुघ-रूच्छाहण बाया चेली बस रूट को बदलने पर कड़ा संज्ञान लिया है। द्रंग युकां के पूर्व उपाध्यक्ष शेष राम ठाकुर ने कहा कि बस रूट बदलने के पीछे कम सवारियां होेने का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस रूट पर नए सिरे से बस चलाई जा रही है उसमें सवारियां न होने से बस खाली दौड़ रही है।
उन्हाेंने कहा कि बस के पूर्ववत रूट पर न चलने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। निजी गाड़ियां हायर कर परिवहन सेवाएं लेनी पड़ रही हैं। उन्होंने बस का रूट मनमाने तौर पर बाया भलूईं करने पर भी कड़ा ऐतराज जताया है। इससे लोगों को अतिरिक्त बीस रुपये किराया मंडी के लिए देना पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर और निगम अधिकारियों से मांग की है कि बस सेवा को पूर्ववत रूट पर बहाल किया जाए। अन्यथा पंचायत बड़ीधार के गांव चेली, रूच्छाहण, बेऊला, रोपड़ा, तलाई रा गहर, गनग्रां, भटवाड़ी, द्रुघ, कानका और कलेरा के बाशिंदे लोस चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस बारे ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल आरएम मंडी से भी मिल चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
