
मुंबई: वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने आज कहा कि रुपए का वाजिब मूल्य 59 से 60 प्रति डॉलर है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार निर्यात बढ़ाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। इन उपायों के तहत निर्यात ऋण को प्राथमिकता क्षेत्र कर्ज का दर्जा देना शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘वास्तविक प्रभावी विनिमय दर के अनुसार, रुपए की दर 59 से 60 प्रति डॉलर के बीच होनी चाहिए और इसके पार नहीं जानी चाहिए।’’ वित्त मंत्री ने निर्यातकों के प्रमुख संगठन फियो के प्रतिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि 59-60 पर भी कई बाजारों में निर्यात काफी प्रतिस्पर्धी होगा।
यह पूछे जाने पर कि उन्होंने निर्यातकों को क्या पेशकश की, चिदंबरम ने कहा कि निर्यात ऋण को प्राथमिकता क्षेत्र कर्ज माना जाना चाहिए और उनका मंत्रालय इस बारे में रिजर्व बैंक के साथ बात कर रहा है। चिदंबरम ने निर्यातकों को संबोधित करते हुए कहा कि वित्त मंत्रालय इस विचार का समर्थन करता है कि निर्यात ऋण को प्राथमिकता क्षेत्र ऋण माना जाना चाहिए। इस मुद्दे पर रिजर्व बैंक से बात की जा रही है।
