
जमटा (सिरमौर)। जमटा स्थित रुणजा में सड़क किनारे घास चर रहा एक बछड़ा धमाके की चपेट में आ गया। अचानक हुए इस विस्फोट से आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। धमाके के कारणों का पता नहीं चल सका है। क्षेत्र में पहली बार हुई इस घटना को लेकर लोगों में दहशत है। इस धमाके में बछड़े के मुंह का एक हिस्सा बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। घटना स्थल पर चारों और खून फैल गया। मवेशी के मालिक रमेश चौहान ने जैसे ही धमाके की आवाज सुनी तो वह अपनी पत्नी गीता देवी के साथ मौके पर पहुंचा। जहां बछड़े का मुंह बुरी तरह से फटा हुआ था। बाद में इसकी सूचना जमटा नावणी पंचायत प्रधान कमला देवी को दी गई। पशु चिकित्सकों को भी सूचित किया गया। पुलिस ने भी घटनास्थल का दौरा किया। पशु चिकित्सालय नेहली धीड़ा की टीम में शामिल डा. राम स्वरूप की देखरेख में लगभग 4 घंटे तक घटनास्थल पर बछड़े का इलाज चला। पशु चिकित्सक डा. रामस्वरूप ने बताया कि धमाके से बछड़े का मुंह फट गया है। इसे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, पंचायत प्रधान कमला देवी ने कहा है कि क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है। मवेशी को क्षति पहुंची है, जिसका बेहद दुख है। उन्होंने कहा कि आम लोग इस इलाके से आवाजाही करते हैं। लोगों की सुरक्षा के बारे में जिला प्रशासन तथा पुलिस से इस बाबत रिपोर्ट की जाएगी।
