
बद्दी (सोलन)। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बदले में चार हजार रुपये क ी रिश्वत लेते काबू बद्दी के एएसआई कृष्ण लाल को रविवार को विजिलेंस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे 4 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उधर, ऊना विजिलेंस की टीम ने आरोपी एएसआई के घर पर तलाशी ली, लेकिन पुलिस के हाथ कोई बड़ा सुबूत हाथ नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार 10 मार्च को उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के अहरूइया गांव के भूप सिंह का शव मलकू माजरा में झाड़ियों में गली सड़ी हालत में मिला था। मृतक के बड़े भाई याद राम ने मृतक के सास ससुर और पत्नी पर उसके भाई की हत्या करने का शक जताते हुए शिकायती पत्र सौंपा था। इस मामले की जांच बद्दी पुलिस के एएसआई कृष्ण लाल कर रहे थे। पहले हत्या का मामला दर्ज किया गया। बाद में पुलिस ने इस मामले को 306 में तबदील कर दिया। मृतक भूप सिंह का भाई एएसआई कृष्ण लाल से पोस्टमार्टम की रिपोर्ट की मांग कर रहा था। इस पर कृष्ण लाल रिपोर्ट देने को लेकर उसे टाल रहा था। मृतक के भाई ने कई बार थाने के चक्कर काटे तो कृष्ण लाल ने चार हजार रुपये रिश्वत देने की माग कर डाली। गरीब व्यक्ति के पास इतना पैसा नहीं था उसने सतर्कता विभाग को इसकी शिकायत की। शिकायत के आधार पर सतर्कता विभाग ने शनिवार को प्लानिंग के तहत मृतक के भाई को पैसे लेकर भेजा। इन नोटों में पहले से स्याही लगाई गई। जैसे ही मृतक के भाई ने यह पैसा एएसआई कृष्ण लाल को दिया तो सतर्कता विभाग के इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार व सब इंस्पेक्टर तेज राम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
रविवार को आरोपी एएसआई कृष्ण लाल को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 4 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। सतर्कता विभाग के डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि आरोपी एएसआई के ऊना स्थित मकान की तलाशी ली गई लेकिन पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। लेकिन पुलिस हर पहलू पर छानबीन कर रही है।
