रिवालसर-सिध्याणी मार्ग पर उपेक्षा की मार

रिवालसर (मंडी)। रिवालसर-धियूंधार-पाथा-सिध्याणी संपर्क सड़क विभागीय उपेक्षा की मार झेल रही है। लोनिवि के रिवालसर उपमंडल के तहत बन रही इस सड़क का कार्य सात वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। सड़क का तीन किलोमीटर कार्य शेष बचा है। लेकिन आज दिन तक अधर में लटका पड़ा है। लोगाें की बार-बार मांग के बावजूद कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
पंचायत समलौण, सिध्याणी और रिवालसर के सैकड़ों लोगों को इस कारण दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। स्थानीय खेमचंद, प्रेम सिंह, पवन कुमार, चमन लाल, कृष्ण चंद, अमर सिंह, धनदेव, बलदेव, किशन चंद, नागेंद्र लाल और नाकर सिंह ने कहा कि रिवालसर-धियूंधार-पाथा, सिध्याणी संपर्क सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 2005 में शुरू हुआ था। लेकिन सड़क का कार्य पूरा न होने से लोग परेशानियाें की मार झेल रहे हैं। समस्या तब गंभीर हो जाती है जब आकस्मिक दुर्घटना या गंभीर बीमारी से ग्रस्त ग्रामीणों को उपचार के लिए ले जाना होता है।
लोगाें ने रोष प्रकट किया है कि सात साल बाद भी न तो सड़क का कार्य पूरा हुआ और न ही यातायात की सुविधा मिल पाई। सिध्याणी से पाथा मार्ग पर पुल का निर्माण न होने से यह मार्ग बरसात में भी दिक्कतें खड़ी कर रहा है। यहां खड्ड पर पुल का निर्माण होना है लेकिन पुलियाें के सहारे काम चल रहा है। विभाग का लापरवाह रवैया लगातार जारी है। लोगों ने सरकार और विभागीय अधिकारियों से रिवालसर-सिध्याणी सड़क मार्ग का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है।
लोनिवि के रिवासलर उपमंडल के सहायक अभियंता वीएस गुलेरिया ने कहा कि सात किमी सड़क का कार्य पूरा कर वाहन योग्य कर दिया है। शेष तीन किमी कार्य बजट के अभाव में नहीं हो सका है। बजट का प्रावधान होगा कार्य पूरा कर दिया जाएगा। स्थानीय विधायक एवं आबकारी मंत्री प्रकाश चौधरी का कहना है कि शीघ्र सड़क को लोगों क ी सुविधा से जोड़ दिया जाएगा।

Related posts