रियाली में कब्जे को लेकर फायरिंग

रे (कांगड़ा)। थाना क्षेत्र फतेहपुर के अंतर्गत गांव रियाली में पंजाब के कुछ लोगों द्वारा जमीन पर कब्जा करने के लिए सरेआम गोलियां चलाने का मामला सामने आया है। लोगों का कहना है कि पंजाब से सटे निचले मंड क्षेत्र में कई जगहों पर पंजाब के बाहुबलियों ने जबरन कब्जा जमा रखा है। गोलियां चलने की इस घटना में किसी तरह के जान-माल का नुकसान तो नहीं हुआ है, लेकिन पीड़ित परिवार दहशत में हैं। लोगों ने पंचायत के माध्यम से पुलिस में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
रियाली गांव के राम सिंह पुत्र बाबू राम के मुताबिक वह उक्त जमीन पर कई सालों से खेतीबाड़ी कर रहा है। इस समय भी उसने करीब 4 हेक्टेयर भूमि में धान की पनीरी और बाजरा बीजा हुआ है। लेकिन उक्त जमीन को कब्जाने की नीयत से पंजाब के राजू, काका, मेहरमदीन, रुस्तदीन, अमृत सिंह व गुरजीत सिंह ने ट्रैक्टर चलाकर फसल को बर्बाद कर दिया तथा शुक्रवार को जमीन पर कब्जा करने के लिए हवाई फायरिंग भी की। शिकायतकर्ता के मुताबिक इस फायरिंग से कोई जानमाल की हानि तो नहीं हुई, लेकिन इन लोगों की हरकत से उसका पूरा परिवार दहशत में है। राम सिंह के मुताबिक जब उन लोगों ने हवा में गोलियां चलाईं, तब गुरनाम सिंह, आशा देवी, गुरप्रीत सिंह मौके पर मौजूद थे। उन्होंने पंचायत से भी इसकी लिखित शिकायत की है।
उधर, रियाली पंचायत के उपप्रधान कुलवीर सिंह ने बताया कि यह मामला पंचायत में आया है और राम सिंह ने अपनी शिकायत में गोलियां चलाने का भी जिक्र किया है। इसे आगामी कार्यवाही के लिए फतेहपुर पुलिस थाने को भेजा गया है। उधर, फतेहपुर पुलिस थाने के प्रभारी तिलक राज ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts