
चौखुटिया। मासी में गैस रिफिलिंग के दौरान आग लग गई। इससे एक कार का कवर भी जल गया। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस मामले में राजस्व पुलिस ने रिफिलिंग करने वाले दुकानदार की दुकान में छापा मारकर तीन भरे सिलेंडर और रिफिलिंग का सामान बरामद किया। राजस्व पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को जेल भेजा जाएगा।
राजस्व निरीक्षक राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मासी में दुकानदार मोहम्मद इकरार सोमवार देर शाम एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस रिफिल कर रहा था। इसी दौरान वहां आग फैल गई और पास में खड़ी जिला पंचायत सदस्य महेश वर्मा की स्कार्पियो कार के बाहर का कवर जल गया। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस पर श्री वर्मा और अन्य लोगों ने इकरार पर अवैध रिफिलिंग का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
श्री नेगी ने बताया कि बाद में व्यापार संघ अध्यक्ष गोपाल मासीवाल ने इस मामले में संबंधित दुकानदार पर लंबे समय से गैस की अवैध रिफिलिंग करने संबंधी सूचना राजस्व पुलिस का दी। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार को इकरार की दुकान में छापा मारा गया। जिसमें तीन भरे गैस सिलेंडर के अलावा रिफिलिंग की मशीन आदि बरामद की गई। आरोपी दुकानदार मोहम्मद इकरार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। छापा मारने वाली टीम में श्री नेगी के अलावा राजस्व उप निरीक्षक महेश तिवारी, खाद्यान्न निरीक्षक जगत जोशी आदि शामिल थे।
