रिकार्ड कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात कर्मचारी का शव मिला

रानीखेत। रिकार्ड कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात कर्मचारी का शव उसके डीडीए कालोनी स्थित आवास पर मिला। दो दिन तक दरवाजा नहीं खुलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और प्रशासन की टीम ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। कर्मचारी पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट खुडकुनी गांव निवासी था।
यहां रिकार्ड ऑफिस में चौकीदार पद पर कार्यरत गंगोलीहाट के खुडकुनी गांव निवासी राजेंद्र सिंह बोरा (52) पुत्र दीवान सिंह बोरा यहां डीडीए कालोनी स्थित सरकारी कमरे में अकेले रहता था। वह पिछले दो दिनों से कार्यालय नहीं पहुंचा था और ना ही उसने कमरे का दरवाजा खोला। शक होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। संयुक्त मजिस्ट्रेट रवि झा और कोतवाल कमल राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 नवंबर की देर रात कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर राजेंद्र सिंह का शव बिस्तर पर पड़ा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल कमल राम ने बताया कि ठंड लगने के कारण मौत की संभावना जताई जा रही है। दूसरी तरफ मृतक के घर सूचना दे दी गई है।

Related posts