
कांग्रेस ने मिशन 2014 के लिए कमर कस ली है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ‘मिशन राजस्थान’ के लिये आज एक दिवसीय राजस्थान दौरे किया। सोनिया गांधी ने आज यहां कहा कि रिफाईनरी से राजस्थान को इतना राजस्व मिलेगा जिससे आमजन की तकदीर बदल जायेगी। पचपदरा में रिफाईनरी एवं पेट्रोकेमिकल्स कॉक्पलैक्स का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुये गांधी ने कहा कि रिफाईनरी तथा इससे जुडे उद्योगों से आसपास तथा पूरे राज्य को फायदा मिलेगा एवं प्रगति होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले किये हैं तथा गरीबों एवं पिछडों का ज्यादा ध्यान रखा है। मनरेगा योजना भी ऐसी योजना है जिससे 100 दिन के काम की गारंटी मिली है। भ्रष्टाचार रोकने के लिये सूचना का अधिकार कानून लागू किया गया। प्राथमिक स्कूल के बच्चों को दोपहर का भोजन तथा 6 से 12 वर्ष के बच्चों को मुफ्त शिक्षा का अधिकार कानून लागू किया गया है। महिलाएं आत्मनिर्भर बने इसके लिये स्वयं सहायता समूहों के जरिये कर्ज की व्यवस्था की गई है।
देश में भुखमरी और गरीबी का जिक्र करते हुये गांधी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून के जरिये शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के 80 करोड लोगों को सस्ता अनाज मिलेगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार रोक ने के लिये महत्वपूर्ण सुधार किये गये हैं। राजनैतिक दलों के नेताओं का नाम लिये बिना गांधी ने कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कियोजनाओं के लिये पैसा कहां से आएगा तथा क्या इससे किसानों को भी लाभ मिलेगा। हमने कहा कि संसाधन तो जुटाने ही पडेंगे हमारी सरकार ने हमेशा किसानों के हित की बात कही है।
भूमि सुधार अधिग्रहण कानून भी ऐतिहासिक हैं। इससे कोई जबर्दस्ती जमीन नहीं छीन सकता तथा जरुरत पडऩे पर पर्याप्त मुआवजा देकर ही किसी की जमीन ली जा सकती है। उन्होंने कहा किविकास योजनाओं का लाभ तभी मिल सकता है जब अमन चैन का माहौल रहे तथा लोग कंधे से कंधा मिलाकर काम करें। गांधी ने राज्य में गहलोत सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रशंसा करते हुये कहा कि यह पहला राज्य है जहां नि:शुल्क दवा योजना लागू की गई है। इसके अलावा अनेक जनहित की योजनाएं भी बनाई गई हैं।
