
श्रीनगर। राज्य सरकार की ओर से आपदा पीड़ितों की मदद के लिए प्रशासन को उपलब्ध कराया गया राशन बंद कमरों में सड़ रहा है। यही नहीं कई राशन विक्रेताओं के पास भी पैकेट हैं, लेकिन वे जरूरतमंदों तक पहुंच ही नहीं पाए हैं। रविवार रात आपदा राहत के लिए लाए गए खाद्य सामग्री के 500 से अधिक पैकेट बुघाणी मार्ग पर पड़े मिले।
नगर में दो माह पूर्व राहत के लिए आई सामग्री जब सड़ गई तो सड़कों पर फेंक दी गई। बुघाणी मार्ग पर गढ़वाल सभा चंडीगढ़ के नाम के रेपर के साथ 500 राहत सामग्री के पैकेट फेंके गए है। यह खाद्य सामग्री पशुपालक पशुओं के लिए उठाकर ले गए। प्रशासन ने भी जीजीआईसी तथा तहसील स्थित दोनों गोदामों पर ताला लगाया हुआ है। ताला खोलकर अनाज दिखाने की बात पर प्रभारी अधिकारी रामचंद्र नगर से बाहर होने की बात कहने लगते हैं।
– बुघाणी मार्ग पर खाद्य सामग्री गिरी हुई है, इसकी जानकारी हमें नहीं है। फिर भी इस संदर्भ में सूचना मिली है, तो पता किया जाएगा। – रजा अब्बास, उपजिलाधिकारी श्रीनगर।
– हमने रुद्रप्रयाग तथा उत्तरकाशी के लिए कुल पांच लॉट में सामान भेजा, जिसमें से पहला लॉट कोटद्वार के रास्ते से प्रशासन की देखरेख में रुद्रप्रयाग के लिए भेजा गया था। अन्य दो लॉट वाया श्रीनगर रुद्रप्रयाग भेजे गए थे और रुद्रप्रयाग में प्रशासन के सुपुर्द किए गए थे। यदि श्रीनगर में हमारे नाम के पैकेट हैं, तो कैसे आए, हमें नहीं पता। – कुंदन लाल उनियाल, अध्यक्ष गढ़वाल सभा चंडीगढ़।
