राहत सामग्री बांटे बिना हरियाणा लौट रहे 40 ट्रक

हरिद्वार। ऋषिकेश से स्कूटर पर हरिद्वार आ रहे कवि एवं चित्रकार डा. राकेश शर्मा राकेश ने जब उत्तराखंड के लिए आई राहत सामग्री को शांतिकुंज पुलिस चौकी के पास बंटते देखा तो वे हक्के-बक्के रह गए। स्थानीय लोग ही नहीं, दुकानदार भी राहत सामग्री को ले जा रहे थे। कवि ने जब विरोध किया, तो पास खड़ी पुलिस ने उन्हें घुड़की दे दी।
राकेश शर्मा राकेश ने अमर उजाला को बताया कि दो स्थानों पर राहत सामग्री के वाहन खाली किए जा रहे थे। स्थानीय दुकानदार और स्थानीय जनता वाहनों से सामग्री उतार-उतार कर अपने घरों की ओर दौड़ रहे थे। उन्होंने पुलिस के सामने विरोध जताया तो उन्हें धमका दिया गया। उधर, हरियाणा से राहत सामग्री लेकर ऋषिकेश पहुंचे 40 ट्रक अब वापस लौटने लगे हैं। चूंकि रास्ते बंद हैं, अत: इन ट्रकों को किसी ने भी ऋषिकेश से ऊपर नहीं जाने दिया। राहत सामग्री से लबालब भरे ट्रक जब दो दिनों तक भी न तो खाली किए गए और न उनका सामान उत्तराखंड भेजा गया, तब उन्होंने वापस हरियाणा लौटना ही उचित समझा। इसकी सूचना जब उन्होंने वाहन भेजने वाली संस्थाओं को दी तो संस्थाओं ने कह दिया कि रास्ते में जहां भी गरीब दिखाई दें सामग्री बांट आएं। फलस्वरूप क ई ट्रक हरिद्वार पहुंच गए और चंडी घाट, बैरागी द्वीप, अपर रोड, हरकी पैड़ी, भीमगोडा आदि क्षेत्रों में जाकर गरीबों और भिखारियों को राहत सामग्री बांट दी।

Related posts