
नई टिहरी। जिला प्रशासन की ओर से आपदा पीड़ितों की मदद के लिए कांगड़ी, मयाली, घनसाली, कीर्तिनगर, खांडखाला, चंबा, नागणी, देवप्रयाग और ऋषिकेश में राहत शिविर लगाए गए हैं। जिसमें खाना-पानी और दवाइयों की पूरी व्यवस्था की गई है।
डीएम नितेश झा ने खांडखाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि अभी तक 30 हजार यात्रियों को निकाला गया है। आपदा पीड़ितों के लिए राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जा रही है। शनिवार को ही 55 वाहनों से 15 सौ लोगों को ऋषिकेश पहुंचाया गया। डीएम ने कहा कि स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारियों, हंश फाउंडेशन, एचसीसी, टीएचडीसी ने भी काफी मदद की है। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में पर्याप्त मात्रा में राशन, पानी और दवाइयां मौजूद हैं। एसपी जन्मेजय खंडूरी ने कहा कि संदिग्ध लोगाें पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, किसी यात्री को कोई समस्या हो तो वह रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। इस मौके पर सीडीओ सविन वंसल मौजूद थे।
संस्थाओं ने बढ़ाए मदद को हाथ
नई टिहरी। आपदा पीड़ितों की मदद के लिए विभिन्न संगठनों ने हाथ बढ़ाए है। कोटी कालोनी, खांडखाला में टीएचडीसी, हिन्दुस्तान कंपनी, उद्योग व्यापार मंडल नई टिहरी-बौराड़ी, होटल एसोसिएशन, मिलन केंद्र प्रबंधन समिति, नागरिक मंच, शांतिकुंज गायत्री पीठ व ब्लाक कांग्रेस कमेटी की ओर से यात्रियों की सहायता के लिए राहत कैंप तथा स्वास्थ्य शिविर लगाए गए है। रेडक्रास समिति की ओर से भी यात्रियों को राहत सामग्री व दवाईयों का वितरण किया गया है।
