
नई टिहरी। जिलाधिकारी नितेश कुमार झा ने अधिकारियों को दैवी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत राशि एवं सामग्री वितरण में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत वितरण में चूक करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में बारिश से 38 राजस्व गांव में 40 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है। उद्यान से संबंधित 77 गांव में 103 हेक्टेयर व्यवसायिक खेती एवं फसलों को नुकसान पहुंचा है।
डीएम ने बताया कि केदारनाथ घाटी में जिले के 56 लोग लापता हैं, जिनमें से 22 लोगों की गुमशुदगी दर्ज की गई है। आपदा में 89 भवन पूर्ण, 902 भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। 534 पशु हानि, 15 लोग आपदा में घायल होने के साथ 607 गांवों के 23 सौ परिवार प्रभावित हुए हैं। लोनिवि ने क्षतिग्रस्त 275 सड़कों में से 229 सड़कें आवाजाही के लिए शुरू कर दी हैं। पेयजल निगम की 107 योजनाओं में से 18 योजनाएं, जलसंस्थान की 205 योजनाओं में से 199 योजनाओं पर जलापूर्ति सुचारू हो गई है। उन्होंने बताया कि 81 करोड़ 44 लाख 60 हजार रुपये की विभिन्न विभागों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि अवरुद्ध सड़कों, पेयजल योजनाओं और विद्युत व्यवस्था को नियमित किए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
