
नौगांव/बड़कोट। पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने यमुना घाटी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन में पूरी तरह असफल रही है। आपदा पीड़ितों की लड़ाई हरस्तर पर लड़ने का भरोसा दिलाया।
पूर्व सीएम निशंक ने डामटा, सारीगाड़, कुवां, नौगांव, बगासु, तुनाल्का आदि स्थानों पर यमुना की बाढ़ में हुई क्षति का जायजा लिया। यहां से खरादी, स्यानाचट्टी और गीठ क्षेत्र पहुंचकर उन्होंने आपदा पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा से निपटने में पूरी तरह नाकाम रही है। एक माह बीतने के बाद भी आपदा पीड़ितों तक समुचित राहत सहायता पहुंच पाई है। आपदा राहत वितरण में कांग्रेस खुलकर राजनीति कर रही है। इस मौके पर पुरोला विधायक के मालचंद, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंदी राणा, अमीचंद शाह, जगमोहन चंद, सरदार राणा आदि अनेक लोग मौजूद थे।
