
रोहड़ू। मेलठी कलगांव के लिए भेजी गई रसोई गैस की गाड़ी रास्ते में ही खाली हो गई। अपने ठिकानों में खाली गैस सिलेंडर लेकर दिन भर खडे़ रहे लोगों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र गैस उपलब्ध करवाने की मांग की है।
मेलठी कलगांव के लिए खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से रसोई गैस की गाड़ी बाया शीलघाट भेजी गई। गैस पहुंचने की सूचना के बाद मेलठी कलगांव शरौंथा के लोग अपने वाहनों में खाली सिलेंडर भर कर आधे रास्ते में खड़े हो गए। जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य शिव सिंह दांतटा ने बताया कि शाम को मेलठी कलगांव में करीब अस्सी लोगों को गैस नहीं मिली है। ग्रामवासी सुखचैन, सूरत राम दांतटा, पैक राम दांतटा, राय सिंह, दांतटा, बलबीर, पंचायत सदस्य दया सिंह, श्याम प्यारी, सुनील दांतटा, कृष्ण सिंह, सरन दास, कांशी राम जागटा, शांता जागटा, प्रकाश दांतटा, प्रमोद जागटा, पुष्पा झोलटा बलविंदर और शामी देवी ने बताया कि जिन लोगों के पास अपने वाहन थे उन्होंने रास्ते में पहुुंच कर अपनी गैस भरवाई। जब तक गाड़ी ठिकाने तक पहुंची तो गैस खत्म हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि गरीब लोग शाम तक गैस के इंतजार में दिन भर खड़े रहे। उन्होंने कहा कि शाम के समय लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के लिए दोबारा गैस भेजी जाए। उन्होंने कहा कि समय पर रसोई गैस नहीं पहुंची तो लोगों को सड़क में धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
कोट
गैस की गाड़ी मेलठी कलगांव के लिए भेजी गई थी। गाड़ी में बैठे मजदूरों को धमका कर प्रभावशाली लोगों ने रास्ते में गैस को उतारा है। स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधियों की ओर से गैस आवंटन में सहयोग नहीं मिल रहा है।
जोगिंद्र सारटा, बिक्री पर्यवेक्षक, खाद्य आपूर्ति निगम
