राष्ट्रीय शर्मिंदगी हैं मोदी : आनंद शर्मा

शिमला। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने भाजपा नेता एवं गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें राष्टीय शर्मिंदगी करार दिया। शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा में आजकल बेचैनी है। प्रधानमंत्री की कुर्सी पर कुछ लोग गिद्ध की तरह नजर गड़ाए बैठे हैं। नरेंद्र मोदी के तो ये हाल हैं कि पहले पंद्रह अगस्त के दिन लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री के भाषण का जवाब देने की ओछी हरकत की और अब लालकिले का एक नकली सेट लगवाकर भाषण दे रहे हैं।
आनंद शर्मा ने कहा कि भाजपा को मोदी मुबारक हो, लेकिन हमारे लिए वह एक राष्ट्रीय शर्मिंदगी (नेशनल एंबेरेसमेंट) हैं। उन्होंने कहा कि उनका असली लाल किले से भाषण देने का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। प्रधानमंत्री बनने की लालसा में मोदी ने राजनीति का स्तर बेहद नीचा कर दिया है। हम उन्हें उनकी भाषा में जवाब भी नहीं दे सकते, लेकिन यह कांग्रेस की संस्कृति नहीं है।
राहुल गांधी को लेकर प्रधानमंत्री के ताजा बयान पर आनंद शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी हमारी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वह देश के युवाओं की आवाज हैं और हमारे सम्माननीय नेता। जनता उन्हें देश के नेता की कुर्सी पर देखना चाहती है। कांग्रेस अपनी विचारधारा के हिसाब से चुनाव लड़ेगी और फिर सत्ता में लौटेगी। हमारे पास भाजपा की तरह नेतृत्व की कमी नहीं है। गिरते रुपये को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में आनंद शर्मा ने कहा कि यह चिंता की बात है, लेकिन जल्द हालात सुधर जाएंगे। आरबीआई और केंद्र सरकार ने कुछ कदम उठाए हैं। भारत में ट्रेड अकाउंट डेफिसिट हमेशा रहा है। हम तेल एवं गैस, सोना, खाद और इलेक्ट्रानिक सामान आयात करने वाले मुल्क हैं। इन सभी उत्पादों का भुगतान डॉलर में होता है। सीरिया का संकट रुपये के गिरने का भी एक कारण है। यदि तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो हमें ज्यादा पैसा चुकाना पड़ता है। फिर भी हाल ही में उठाए गए नए कदमों से कुछ सुधार की उम्मीद है।

Related posts