राष्ट्रपति के स्वागत के लिए विवि में सफाई, पुताई

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय 20वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के स्वागत के लिए लगभग तैयार है। परिसर की सफाई से लेकर भवनों की सूरत रंगाई और पुताई से बदली जा रही है। सभागार की सूरत बदलने की प्रक्रिया विवि प्रशासन ने शुरू कर दी है। स्टेज के सभी परदों से लेकर कारपेट को बदलने का काम चल रहा है। परिसर के शुरू होने और यहां जाने वाले हर रास्ते की सफाई करवाई जा रही है। सभागार में विश्वविद्यालय के सफाई, बिजली से लेकर सभी कर्मचारियों की तैनाती की गई है। 24 मई को सभागार में छात्रों की संख्या काफी होगी, गर्मी से बचाने के लिए दस पंखे सभागार में लगाए गए हैं। कुलपति ने पूरे इंतजाम के लिए अधिकारियों की टीम गठित की है।
दीक्षांत समारोह के दौरान कहीं कोई कमी न रह जाए, इसके लिए कुलपति से लेकर सभी प्रशासनिक अधिकारी खुद फील्ड मेें उतरे हैं। डीन आफ स्टडी, एक्सईएन, अधिकारी, कर्मचारी सभी इसी काम में जुटे हैं।
——-
रहने के लिए गेस्ट हाउस, पानी की व्यवस्था नहीं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने भले ही परिसर को चकाचक कर दिया, लेकिन दीक्षांत समारोह में आने वाले मेहमानों के रहने की व्यवस्था के लिए महज गेस्ट हाउस ही है। यहां सबसे बड़ी दिक्कत पानी की रहेगी। सुबह के समय ही पानी की सप्लाई दी जाती है। ऐसे में किसी वीआईपी मेहमान को यहां ठहरना पड़ा तो परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
——
खुफिया एजेंसी ने दी रेलिंग ठीक करने की हिदायत
मंगलवार को परिसर में खुफिया एजेंसी के जवानों ने सुरक्षा का निरीक्षण किया। इस दौरान कुलपति कार्यालय के बाहर टूटी रेलिंग पर आपत्ति जताई गई। इस पर प्रशासन ने वन विभाग की रेलिंग को ठीक करने का काम शुरू करवाया।

Related posts