
बद्दी (सोलन)। लोक निर्माण विभाग ने कालू झिंडा को जोड़ने वाली दोनों ओर से सड़कों को पक्का कर दिया है। बजट न होने के बावजूद भी विभाग ने सड़कें तैयार कर ली हैं। जो सड़कें पिछले दो वर्षों में पक्की नहीं हो पाई। वे मात्र 15 दिनों में ही बन कर तैयार हो गईं। लोगों का कहना है कि वीआईपी लोग बार-बार इस क्षेत्र में आते रहे तो समस्याएं ही समाप्त हो जाएंगी।
कालू झिंडा पंचायत के प्रधान राजकुमारी, मधाला पंचायत के प्रधान माधो राम मेहता, भाग सिंह चौधरी, श्याम लाल मेहता और मोहन मेहता ने बताया कि दो वर्षों से लोग बरोटीवाला- मधाला सड़क को पक्का करने के लिए मांग उठाते आ रहे थे लेकिन हर बार उन्हें यह कह कर टाल दिया जाता था। अब राष्ट्रपति का दौरा आते ही विभाग के पास बजट भी मुहैया हो गया तथा 15 दिन में भीतर सड़क भी चकाचक हो गई।
इस संबंध में लोनिवि के सहायक अभियंता सीएल शर्मा ने बताया कि सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (जीएडी) के निर्देश उपायुक्त के माध्यम से उन्हें मिले है। जिसके तहत उन्होंने बजट न होते हुए भी यह कार्य पूरा किया है। राष्ट्रपति के दौरे के बाद विभाग सड़क पर जो भी खर्चा हुआ है। उसका क्लैम जीएडी विभाग करेगा। सरकार व विभाग की ओर से उन्हें बजट मुहैया कराने का आश्वासन मिला है।
