राशन नहीं मिलने से रियूनी-लखमार कार्डधारकों में आक्रोश

गरुड़। विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत रियूनी लखमार के राशन कार्डधारकों ने सरकारी सस्ते गल्ले के विक्रेता पर दो माह से राशन नहीं बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने ऐलान किया है कि अगर शीघ्र राशन नहीं मिला तो डंगोली स्थित खाद्यान्न गोदाम में तालाबंदी करने को मजबूर होंगे।
जिलाधिकारी को भेजे हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन में ग्राम प्रधान रियूनी-लखमार भगवती देवी ने कहा है कि गांव के सस्ते गल्ले के दुकानदार ने गांव के कार्डधारकों को अगस्त और सितंबर का राशन आज तक नहीं बांटा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव के अधिकांश कार्डधारक कोटे के राशन पर निर्भर हैं। कंट्रोल की दुकान में रसद नहीं मिलने से वह बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि कंट्रोल के दुकानदार से उन्होंने कई बार कार्डधारकों को रसद वितरण करने को कह दिया है। गांव के सस्ता गल्ला विक्रेता विपिन चंद्र का कहना है कि गोदाम से रसद की सप्लाई नहीं हुई है। जिसके चलते कार्ड धारकों को रसद वितरित नहीं हो पाई है। खंड विकास अधिकारी संगीता आर्या ने खाद्य निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि रियूनी लखमार की कंट्रोल की दुकान में शीघ्र रसद की सप्लाई की जाए।

Related posts