
नाहन (सिरमौर)। विभाग के अंतर्गत आने वाले कुछ डिपो होल्डर लोगों को राशन देने के बाद कैश मेमो नहीं दे रहे। साथ ही कुछ राशन डिपो मालिक गोदाम से राशन एक मुश्त उठाने की बजाय किश्तों में उठा रहे हैं। विभाग ने लोगों को गुमराह कर रहे डिपो संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का मन बनाया है।
उपभोक्ता अजय शर्मा, राकेश वर्मा, रमेश चंद, मोहन लाल, उजागर सिंह, दिलीप तोमर आदि ने बताया कि कुछ डिपो मालिक राशन देने के बाद लोगों को कैश मेमो देने में हेकड़ी झाड़ रहे हैं। जिला भर में कई राशन डिपुओं में संचालकों द्वारा कैश मेमो की रिपोर्ट को सरकारी रजिस्टर में दर्ज करने पर आनाकानी की जा रही है।
उधर सूत्रों से जानकारी मिली है कि जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग घरेलू गैस की व्यवसायिक दुकानों में उपयोग तथा पालीथिन के प्रयोग की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करने की फिराक में है। त्यौहारों के सीजन को देखते हुए बाजारों तथा होटलों में चौकसी बढ़ाए जाने की योजना पर भीतर खाते कार्रवाई चल रही है।
इस मामले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी पवित्रा पुंडीर ने उपभोक्ताओं से कहा है कि वह राशन के बाद अपना कैश मेमो डिपो संचालक से मांगें। अधिकारी पवित्रा ने बताया कि सरकारी नियमों की अवहेलना कर रहे डिपो संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
