राशन को तरसे लोग

तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा के तरेला नाले में पुल क्षतिग्रस्त होने से दो पंचायतों बोंदेड़ी व मंगली में एक सप्ताह से राशन नहीं पहुंच पा रहा है। इसके अलावा दुकानों में रोजमर्रा का सामान भी नहीं आ रहा। इससे करीब चार हजार की आबादी को दिक्कतें हो रही हैं।
करीब एक हफ्ता पहले भूस्खलन के कारण चार पंचायतों को जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त हुआ था। इन चार पंचायतों की कुल आबादी 15 हजार के करीब है। हालांकि दो पंचायतों जुनास व गुईला के लिए वैकल्पिक मार्ग होने से यहां जरूरी सामान पहुंच पा रहा है, मगर ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत आ रही है। इन चारों पंचायतों के ग्रामीणों ने इसके लिए पास ही चल रहे पावर प्रोजेक्ट के प्रबंधन को जिम्मेवार बताते हुए इसकी जांच की मांग की थी। अभी तक प्रशासन की ओर से कोई जांच नहीं शुरू हुई है और न
ही वाहन चलने योग्य पुल की मरम्मत का काम शुरू हो पाया है। सिर्फ लोगों के आने-जाने
के लिए वैकल्पिक व्यवस्था ही हो पाई है। इस संबंध में दो बार ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम तीसा से मिल चुका है। इसके बावजूद प्रशासन हरकत में नहीं आया है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से ग्राम पंचायत मंगली, जुनास, बोंदेड़ी और गुईला क ा संपर्क कट गया है।
ग्राम पंचायत जुनास के प्रधान पूर्ण चंद, बोंदेड़ी के उपप्रधान पूर्ण चंद, मंगली के प्रधान कर्म चंद, बीडीसी वाइस चेयरमैन करतार सिंह, लेखराज व चतर सिंह ने बताया कि पुल क्षतिग्रस्त होने से ग्राम पंचायत मंगली व बोंदेड़ी में इस माह का राशन डिपुओं में नहीं पहुुंच पाया है।
उन्होंने बताया कि यह पुल एक निजी पावर प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा अनुचित तरीके से किए गए निर्माण कार्य के चलते टूटा है।

Related posts