
चुवाड़ी (चंबा)। रायपुर-चुवाड़ी सड़क पर मंगलवार सुबह साड़ल नामक स्थान पर चालक की होशियारी से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार मनहुता से जसूर जा रही निजी बस जैसे ही साड़ल के पास पहुंची तो वहां पर हुए भूस्खलन वाले स्थान पर अधिक मलबा और फिसलन होने के चलते बस के पिछले टायर बैठ गए और बस नीचे धंसने लगी जहां यह हादसा होने जा रहा था वहां पर दूसरी तरफ पांच सौ फुट गहरी खाई थी। घटना वाले स्थान पर एकाएक बस में अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ ही समय में 50 से 60 सवारियों से खचाखच भरी बस खाली हो गई और बस को रस्सियों के सहारे पेड़ों से बांधा गया। घटनाक्रम को देख कर वहां पर उपस्थित लोग लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे। इसकी सूचना लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दी । इसके बाद विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सुबह साढ़े आठ बजे फंसी बस को जेसीबी से बांध कर घटना वाले स्थल से बाहर निकाला। इन दिनों भारी बरसात के चलते जिले में जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है और लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क से थोड़ा बहुत मलबा निकाल कर वाहनों के निकलने योग्य सड़क को ही खोला जा रहा है और कई जगहों पर सड़क इतनी तंग है कि सड़क पर वाहन बड़ी मुश्किल से निकल पाता है। स्थानीय लोगों राज कुमार, पवन कुमार, शाम सिंह, राजमल और दिनेश ने बताया लोक निर्माण विभाग की लापरवाही की वजह से मंगलवार को बड़ा हादसा होने से टल गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को चाहिए की बरसात के दिनों में सड़कों के उचित रखरखाव की व्यवस्था करें और जगह-जगह सड़कों पर पड़े मलबे को हटाया जाए, ताकि लोगों को आने सफर करने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
