रामपुर से भरमौर तक भाजपा की लहर : जयराम

चैलचौक (मंडी)। मंडी लोस की हाई प्रोफाइल सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर शनिवार को नाचन और सराज के दौरे पर रहे। उन्होंने नाचन क्षेत्र के चैलचौक एवं कोहलू पोलिंग बूथ पर पहुंचकर लोगों से जनसंपर्क किया तथा भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। कोहलू गांव में विधायक विनोद कुमार ने जयराम ठाकुर का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी उप चुनाव कांग्रेस की देन है। मंडी वासियों के लिए यह मौका कांग्रेस को सबक सिखाने का है। भाजपा ने कभी भी क्षेत्रवाद नहीं फैलाया। जबकि कांग्रेस के सांसद जीतने के बाद जनता का आभार जताने तक नहीं पहुंचते। किन्नौर, रामपुर से लेकर भरमौर तक भाजपा के पक्ष में लहर है। गोहर के बाद जयराम ठाकुर ने धरोट, कांढा, बगस्याड़, थुनाग, शिकावरी, लंबाथाच, जरोल और जंजैहली में भी चुनावी बैठकें कर सराज की जनता से वोट मांगे। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष रविंद्र राणा, महामंत्री हुकम सिंह, जिला मंडी भाजयुमो अध्यक्ष पाल वर्मा, जिला परिषद सदस्य हर्षा चौहान, चैलचौक पंचायत के प्रधान कन्हैया लाल, सचिव तेजपाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts