
हल्द्वानी। रुद्रपुर-हल्द्वानी के बीच टांडा जंगल स्थित रेलवे फाटक संख्या 1/बी में काम चलने से रामपुर रोड पर तीन और चार जून को रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। पूर्वोत्तर रेलवे ने इसकी सूचना हल्द्वानी और रुद्रपुर के जिला प्रशासन समेत पुलिस विभाग को दे दी है।
पूर्वोत्तर रेलवे के सी सेक्सन इंजीनियर लालकुआं ने कहा कि से रेलवे फाटक पर संपूर्ण रेल पथ नवीनीकरण कार्य होने से सोमवार और मंगलवार को यातायात बंद रखा जाएगा। रामपुर रोड पर दो दिनों तक रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक यातायात बंद होने से हल्द्वानी-रुद्रपुर के लिए वाहनों की आवाजाही वाया पंतनगर से लालकुआं होते हुए हल्द्वानी होगी। वहीं सुबह पांच बजे बाद और रात 10 बजे से पहले यातायात सुचारु रहेगा। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए टांडा स्थित फाटक पर पर्याप्त पुलिस तैनात रहेगी। हल्द्वानी में टीपी नगर और रुद्रपुर में पत्थर चड्डा मोड़ पुलिस चौकी पर बैरियर लगाकर वाहन चालकों को यातायात सुचारु और बंद होने की जानकारी दी जाएगी, ताकि वाहन चालकों को परेशानी नहीं झेलनी पड़े।
