
रामपुर बुशहर। पश्चिम बंगाल में सीपीआईएम के लोगों पर हो रहे अत्याचार और हमलों के विरोध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी रामपुर इकाई के कार्यकर्ताओं ने रामपुर में हल्ला बोला। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पहले शहर में विरोध रैली निकाली और उसके बाद एसडीएम रामपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में पश्चिम बंगाल में हो रहे पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों की निंदा की गई। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना था कि पश्चिम बंगाल की सरकार की शह पर वहां पार्टी के लोगों पर हमले हो रहे हैं, लेकिन इतना कुछ होने के बावजूद केंद्र सरकार खामोश बैठी है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री से मांग की है कि लोकतंत्र की बहाली के लिए वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और वहां हो रहे पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों पर रोक लगाई जाए। इस अवसर पर सीपीआईएम की रामपुर कमेटी तहसील रामपुर जिला शिमला के रणजीत, धर्मपाल, जगदीश, पवन, तुला राम, तुला राम शर्मा, कुलदीप और बलदेव सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। इन लोगों ने केंद्र सरकार से एक स्वर में मांग की है कि पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों पर रोक लगाई जाए। इसके लिए स्वयं केंद्र सरकार आगे आए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि अगर उनके साथियों पर हो रहे अत्याचार को रोका नहीं गया तो पार्टी देशभर में आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
