
रामपुर बुशहर। कुल्लू जिले के बायल में बन रहा रामपुर बिजली प्रोजेक्ट अवैध कब्जा कर निर्माण करने के मामले में घिरता नजर आ रहा है। प्रोजेक्ट निर्माण के लिए सरकार की ओर से प्रोजेक्ट प्रबंधन को कुल्लू जिले में जमीन दी गई थी। लेकिन, प्रोजेक्ट प्रबंधन ने नियमों को ताक पर रखकर शिमला जिला के तहत आने वाले दत्तनगर में करीब 20 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर वहां निर्माण कार्य किया है। इसका खुलासा आरटीआई से प्राप्त सूचना से हुआ है। इसके बाद वन विभाग ने इसके बारे में तहसीलदार को कब्जा हटाने के लिए शिकायत दी है। रामपुर प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने कुल्लू जिला के तहत आने वाले बायल में करीब 69 हेक्टेयर जमीन प्रोजेक्ट निर्माण के लिए अधिगृहीत की थी। लेकिन, इसके बाद प्रोजेक्ट प्रबंधन ने नियमों को ताक पर रख कर शिमला जिला के तहत आने वाले दत्त नगर में बीस बीघा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने के बाद वहां निर्माण कार्य किया। यहां कंपनी ने पुल निर्माण, वाटर पंप हाउस और डपिंग साइट का निर्माण कर डाला है। इसका खुलासा आरटीआई से प्राप्त सूचना से हुआ है। सूचना के अधिकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिमारकेशन के बाद खसरा नंबर 627/1/1,628/2/1, 625 और 346 पर प्रोजेक्ट प्रबंधन का अवैध कब्जा पाया गया है। इसके बाद वन विभाग ने तहसीलदार रामपुर को कब्जा हटाने के लिए अपील की है।
इसके बारे में तहसीलदार रामपुर मुकेश शर्मा का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन को कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। अगर नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासन हर हाल में स्वयं कब्जा हटाएगा और उसका पूरा खर्च भी प्रोजेक्ट प्रबंधन पर डाला जाएगा। उधर, रामपुर प्रोजेक्ट डायरेक्टर पर्सनल नंद लाल शर्मा ने इस बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने इतना कहा कि अब इस जमीन के अधीग्रहण के लिए आवेदन कर दिया गया है।
