रामपुर को मिलेंगी साठ नई बसें : नंदलाल

ज्यूरी (शिमला)। परिवहन निगम के रामपुर डिपो में जल्द साठ नई बसें शामिल होंगी। विधायक एवं सीपीएस नंदलाल ने दोफदा पंचायत के मझेवली, शाह और धारगौरा के दौरे के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि नई बसें आने से रामपुर क्षेत्र के भीतर परिवहन सेवाओं में व्यापक सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि धारगौरा में पीएचसी का नया भवन बनाया जाएगा। इसके लिए 32 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जमीन का चयन करके जल्द काम शुरू करने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को दोफदा की तरफ जाने वाली दोनों सड़कों की हालत सुधारने के भी आदेश दिए। साथ ही मझेवली मिडिल स्कूल और शाह प्राथमिक स्कूल का दर्जा बढ़ाने का आश्वासन लोगों को दिया। उन्होंने लोगों को राजीव गांधी अन्न योजना के बारे में भी विस्तार से बताया और पात्र लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की। मझेवली में लोगों ने क्षेत्र के लिए एक और सरकारी बस लगाने की मांग विधायक के समक्ष रखी। विधायक ने इस मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन जनता को दिया।

Related posts