
रामपुर बुशहर। यहां के रचोली में सावन मेला शुरू हो गया। हर साल सावन में मनाए जाने वाले इस मेले में मेजबान देवता समेत विभिन्न क्षेत्रों के पांच देवताओं ने शिरकत की। मेले में देवताओं से आशीर्वाद लेने और देवलुओं की नाटी का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
रचोली में मेहमान देवता बुधवार देर शाम पहुंचे। देवता जाख मंदिर कमेटी की ओर से देवताओं और उनके साथ आए देवलुओं का जोरदार स्वागत किया गया। मेले में मेजबान जाख देवता के अलावा देवता साहिब बसाहरू, काजल देवता गसो, धारा सरगा और जलनाग सरपारा ने शिरकत की। रचोली में मिडिल स्कूल के खेल मैदान में वीरवार को दिन भर नाटियों का दौर चला। बाहर से आए लोगों ने न केवल देवलुओं की नाटी का लुत्फ उठाया, बल्कि उनके साथ नृत्य भी किया। जाख देवता मंदिर कमेटी के सचिव अर्जुन नेगी ने बताया कि सावन माह में हर साल यह मेला मनाया जाता है। इसमें स्थानीय लोगों के अलावा दूर-दूर से लोग पहुंचकर देवलुओं की नाटी का लुत्फ उठाते हैं। वहीं, मेले के बहाने लोगों को एक साथ पांच देवताओं से आशीर्वाद लेने का अवसर भी प्राप्त होता है।
