रामपुर के नाम रही क्रिकेट प्रतियोगिता

डंसा (शिमला)। नोगवैली के लालसा में योगेश, जितेश और हिमेश की याद में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर जिला परिषद सदस्य पदमा कुमारी बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुईं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे। वहीं, खेल मैदान को चौड़ा करने के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मंदिर निर्माण के लिए भी अलग से दो लाख रुपये देने की घोषणा की है।
प्रतियोगिता का फाइनल मैच वर्ल्ड इलेवन रामपुर और एमसीसी लालसा के बीच खेला गया। लालसा की टीम ने पहले खेलते हुए 89 रन बनाए। रामपुर की टीम ने यह लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर लिया है। 53 रन बनाने वाले कानू को मैन ऑफ द मैच चुना गया है। विजेता टीम को 22 हजार रुपये नकद और ट्राफी भेंट गई, जबकि उप विजेता को 11 हजार रुपये और ट्राफी भेंट की गई। इस मौके पर जिप सदस्य पदमा कुमारी, कांग्रेस महासचिव प्रोमिला मेहता, युकां के दिनेश कुमार, प्रधान ग्राम पंचायत लालसा उमा शर्मा, उप प्रधान डंसा गुलजारी लाल डमालू, लालसा के उप प्रधान अमृत लाल शर्मा, पूर्व प्रधान चरण दास, पूज्य शर्मा, युवक मंडल के प्रधान अमन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts