रामपुर की डंसा ग्रामसभा में जमकर हंगामा

डंसा (शिमला)। विकास खंड रामपुर की ग्राम पंचायत डंसा में रविवार को आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों ने पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर जमकर हंगामा किया। पंचायत सदस्यों ने पिछले ढाई वर्ष में किए काम पर पारदर्शिता न दिखाए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया। परशुराम मंदिर समिति के प्रधान खेल चंद नेगी ने पंचायत सदस्यों से कहा कि मंदिर सराय निर्माण की देनदारियां समय-समय पर सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस पर बीस लाख रुपये की राशि से काम करवाया जा रहा है। वहीं, जिला परिषद सदस्य पदमा देवी ने कहा कि दो वर्ष में उन्होंने पंचायत के विकास के लिए दस लाख से ज्यादा की राशि स्वीकृत करवाई है, लेकिन पैसे का सही समय पर इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। पंचायत की समस्याओं को लेकर शीघ्र गांव के बुद्धिजीवियों का एक प्रतिनिधिमंडल सरकार से भी मिलेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्रामसभा में न ही पर्यवेक्षक और न ही संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद थे। इस अवसर पर पंचायत प्रधान सीमा देवी, समिति सदस्य द्रौपदी देवी, उपप्रधान जीएल डमालू, वार्ड पंच रामा नंद, हरी सिंह, रोशन, महिला मंडल प्रधान, युवक मंडल प्रधान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Related posts