रामपुर कालेज में एनएसयूआई का प्रदर्शन

रामपुर बुशहर। स्थानीय पीजी कालेज एनएसयूआई ने मेजर विषयों में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मेजर विषयों में सीटों की संख्या 120 निर्धारित किए जाने पर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कालेज प्राचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। ज्ञापन में प्रत्येक मेजर विषय में 60 और सीटें बढ़ाने के साथ ही प्रवेश की तिथि बढ़ाने की भी मांग की गई है। एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और रोष रैली निकाल कर नारेबाजी की। परिसर अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने कहा कि मेजर विषयों में सीटें निर्धारित करना छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इसके चलते छात्र-छात्राएं अपने मनपसंद विषय नहीं पढ़ पा रहे हैं। खासकर वाणिज्य में छात्र वेटिंग लिस्ट में हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से इसमें मध्यस्थता करके विवि प्रशासन को सीटें बढ़ाने के आदेश देने की मांग की है। मेजर विषयों में सीटें 120 से बढ़ाकर 180 करने की मांग की गई है। कार्यकर्ताओं ने कालेज में प्रवेश की तिथि बढ़ाने की भी मांग भी की है। परिसर अध्यक्ष ने कहा कि भारी बारिश के कारण किन्नौर समेत रामपुर उपमंडल में सड़कें बंद होने से कई छात्र प्रवेश नहीं ले पाए हैं। प्रदर्शन में परिसर उपाध्यक्ष ध्रुव शर्मा, करण शर्मा, रमा शर्मा, रमनीत सोनी, सपना घमेटा, अर्चना कंवर, यशिका, प्रशांत, लोकेश बिष्ट, मनीष शर्मा, राज शर्मा, राहुल सोनी, अमित, अजय, सविना बजीर समेत कई छात्र मौजूद थे।

Related posts