
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। होशियारपुर-धर्मशाला रोड पर रानीताल से कांगड़ा बाईपास तक दोपहर बाद ट्रैफिक का लंबा जाम लग गया। इससे बस यात्रियों और पर्यटकों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। दोपहर दो बजे से लगा ट्रैफिक जाम शाम करीब सात बजे तक बहाल हो पाया। इस दौरान हाइवे के दोनों तरफ करीब डेढ़ हजार से अधिक वाहन जाम में फंसे रहे। बताया जा रहा है कि शुरू में कांगड़ा पुलिस की सुस्ती के कारण ट्रैफिक जाम लंबा खिंच गया। हालांकि बाद में पुलिस हरकत में आई लेकिन तब तक ट्रैफिक रानीताल से कांगड़ा बाईपास तक जाम हो चुका था। इसे बहाल करने में पुलिस के पसीने छूट गए।
माना जा रहा है कि पिछले दो माह से संबंधित सड़क मार्ग का कार्य चल रहा है। जगह-जगह पुलियों का निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश होने से कई जगहों पर सड़क की हालत बेहद खस्ता है तथा सड़क पर गिरी मिट्टी के कारण कई जगह पर फिसलन होने से वाहनों को कछुआ चाल से चलना पड़ रहा है। विजय कुमार, गुलशन कुमार, दिनेश कुमार, अमित कौशल, राजेश कुमार, संदीप शर्मा, अरविंद कुमार आदि का कहना है कि सड़क का विस्तारीकरण काफी धीमी गति से चल रहा है। यदि यही हालात रहे तो 18 मई से शुरू हो रहे आईपीएल में ट्रैफिक की स्थिति बिगड़ सकती है, जिसे संभालना यातायात पुलिस के लिए काफी मुश्किल हो सकता है। पिछले दो दिन से हो रहे ट्रैफिक जाम से लगता है कि पुलिस आईपीएल के दौरान आने वाले भारी यातायात की स्थिति से निपटने के लिए तैयार नहीं है। रविवार को परौर स्थित राधा स्वामी सत्संग से लौट रही संगत के वाहनों के कारण भी सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ गया। उधर, एएसपी कांगड़ा मोहित चावला ने कहा कि हाइवे पर कटिंग का काम चलने के कारण ट्रैफिक जाम हुआ। पुलिस टीम को मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
कार सेवक लगे थे जाम खुलवाने
राधा स्वामी सत्संग व्यास के लुधियाना से आए सेवक सुदेश चोपड़ा ने बताया कि कार सेवक जाम खुलवाने लगे हुए थे। जबकि, ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी इक्का-दुक्का ही नजर आ रहे थे।
