रानीगढ़ पेयजल योजना टूटने से गहराया पानी का संकट

घनसाली (टिहरी)। रानीगढ़ पेयजल योजना एक सप्ताह से ठप होने के चलते मुख्य बाजार और पांच -छह गांवों के लोगों को शुद्घ पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों की शिकायत है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी जल संस्थान इस बारे में कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस संकट के कारण करीब पांच सौ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घनसाली बाजार, तहसील और ब्लाक मुख्यालय, गिरगांव, सेमली, आनंद विहार और हनुमान मंदिर आदि सहित पांच-छह गांवों में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। बाजार में लगे दो हैंडपंपों पर भारी भीड़ रहती है ऐसे में कई लोग नदी का दूषित पानी पीने को ही मजबूर हैं।
लोगों की शिकायत है कि जल संस्थान बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी न तो टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति कर रहा हैं और न हीं योजना की मरम्मत क ी जा रही है। सुनीता देवी, लक्ष्मी देवी, महावीर प्रसाद, विजय सिंह और गोविंद सिंह आदि ने बताया कि पाइप लाइनें टूट जाने के कारण पानी की आपूर्ति बाधित हो गई थी। उन्होंने शुद्ध जलापूर्ति कराने की मांग की है।

क्षतिग्रस्त पेयजल योजना का मरम्मत कार्य चल रहा है। योजना से शीघ्र जलापूर्ति सुचारू की जाएगी।
-डीडी जोशी, एई जल संस्थान घनसाली।

Related posts