रात में पूर्णागिरि फीडर में न हो बिजली कटौती

टनकपुर। हमलावर एकल हाथी के खौफ से भयभीत पूर्णागिरि मार्ग के ग्रामीणों ने रात के समय पूर्णागिरि फीडर में बिजली कटौती न करने की मांग उठाई है। बूम क्षेत्र में जंगल से लगे ऊचौलीगोठ, गैडा़खाली और थ्वालखेड़ा गांव में आए दिन हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
समाजसेवी घनश्याम भट्ट ने बताया कि गांव में अक्सर हाथी की दस्तक से खौफ बना हुआ है और ऐसे में बिजली न होने से जानमाल की सुरक्षा का खतरा बना रहता है। शाम होते ही हाथी जंगल से गांव की ओर आ जाते हैं और ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। क्षेत्र में रात के समय अक्सर बिजली कटौती से लोगों में खासा भय बना रहता है। हाथियों के भय से ग्रामीणों को दहशत के साये में रात गुजारनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान विमला देवी, पूर्व प्रधान सुरेश महर, विशन सिंह महर, बची सिंह महर, राजू भट्ट, बाबा मंगलदास, हयात सिंह धामी आदि ग्रामीणों ने प्रशासन से रात के समय पूर्णागिरि फीडर में बिजली कटौती पर रोक लगाने की गुहार लगाई है।

Related posts