रात भर रोशन रहेंगी बड़कोट की गलियां

बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव नगर पंचायत बड़कोट की गलियां और सड़कें रात में भी रोशन रहेंगी। नगर पंचायत ने 3.48 लाख रुपये लागत से 15 किलोवाट का जनरेटर खरीदकर रात में स्ट्रीट लाइटें जलाई रखने का इंतजाम कर लिया है।
बड़कोट नगर पंचायत की विद्युत आपूर्ति जिला मुख्यालय के फीडर से चल रही है। अक्सर बारिश और बर्फबारी के दौरान लाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरी रवांई घाटी में अंधेरा पसर जाता है। बड़कोट को आदर्श नगर पंचायत के तौर पर विकसित करने की मुहिम में जुटे नगर पंचायत अध्यक्ष अतोल रावत ने अब बड़कोट नगर की गलियों और सड़कों को रोशन करने के इंतजाम किए हैं। 3.48 लाख रुपये की लागत से 15 किलोवाट क्षमता का जनरेटर खरीदकर नगर की सभी सौ स्ट्रीट लाइटों को इससे जोड़ दिया गया है। अब रात में बिजली गुल होने पर जनरेटर चलाकर नगर की गलियों और सड़कों को रोशन रखा जाएगा। चैन सिंह जयाड़ा का कहना है कि अक्सर बिजली गुल होने पर नगर में अंधेरा पसर जाता था। अब स्ट्रीट लाइट जनरेटर वाली व्यवस्था पर चलने से नगरवासियों को काफी सुविधा मिलेगी।

यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव बड़कोट में देश-विदेश से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री एवं पर्यटक पहुंचते हैं। इसे आदर्श नगर के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह इसी दिशा में एक प्रयास है। जल्द ही कई और व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। – अतोल रावत, अध्यक्ष नगर पंचायत बड़कोट।

Related posts