
जुब्बल (शिमला)। शिमला-हाटकोटी राजमार्ग पर वीरवार रात भर सेब से लदे ट्रक जाम में फंसे रहे।
सड़क की खस्ता हालत के चलते इस पर सफर करना जोखिम भरा है। सड़क पर गड्ढे होने के साथ ही यह दलदल में तबदील हो गई है। सेब सीजन के चलते वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रोहडू और जुब्बल से शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को वीरवार को करीब बारह घंटे जाम में परेशानी का सामना करना पड़ा। शिमला-हाटकोटी राजमार्ग पूरी तरह गड्ढों और दलदल में तबदील हो गया है। प्रशासन ने मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वन-वे ट्रैफिक किया हुआ है। वीरवार रात नौ से शुक्रवार सुबह नौ बजे तक सैकड़ों वाहन मुख्य मार्ग पर फंसे रहे। हालांकि, रात भर एक साइड का ट्रैफिक रुक-रुक कर चलता रहा, लेकिन लोगों को पूरी रात सड़क पर ही गुजारनी पड़ी। 12 घंटे फंसे रहने के बाद शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वाहनों के लिए सड़क पर यातायात बहाल हो सका। शुक्रवार को भी दिन भर सड़क पर यातायात बाधित होता रहा। रात भर जाम में फंसे अनिल चौहान, नरेंद्र कुमार, कपिल, मुकेश, वीरेंद्र चौहान तथा सूरत सिंह ने बताया कि जुब्बल और खड़ापत्थर के बीच रात भर सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। एक साइड का ट्रैफिक तो रुक-रुक कर रात भर चलता रहा, लेकिन रोहडू और जुब्बल से शिमला की ओर जाने वाले सारे वाहन मार्ग पर फंसे रहे। पूरी रात लोगों को सड़क पर ही गुजारनी पड़ी। बागवान मंडियों में अपना सेब समय पर नहीं पहुंचा पा रहे हैं। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए वन-वे ट्रैफिक चलाया जा रहा है। जाम की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस के जवान तैनात हैं।
