
इंदौरा/नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। जिला पेंशनर संघ के चुनाव रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजा का तालाब में चुनाव अधिकारी सरदार अवतार सिंह की अध्यक्षता में करवाए गए। इसमें पीएस राणा को छठी बार सर्वसम्मति से जिला प्रधान चुन लिया गया। जबकि राजेेंद्र कौशल को दूसरी बार महासचिव व गुरदेव भारती को कोषाध्यक्ष चुना गया।
जिला प्रेस सचिव गुरदेव भारती ने बताया कि पीएस राणा की संघ के प्रति दी जा रही सेवाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें एक बार फिर से अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है। जिला कांगड़ा के सभी पेंशनरों ने उन्हें सर्वसम्मति से छठी बार अध्यक्ष के रूप में स्वीकार किया है। रविवार को हुए चुनाव में जिला के विभिन्न ब्लाकों से बड़ी संख्या मे ंपेंशनरों ने भाग लिया। वहीं पदभार संभालने के बाद पीसी राणा ने बताया कि वह पेंशनरों के हकों की लड़ाई के लिए लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के पेंडिंग पड़े भत्तों व पेंशनर स्केल को जल्द लागू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह एक बार फिर से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलेंगे तथा पेंशनरों की मांगों के बारे में अवगत करवाएंगे। उन्होंने ट्रेजरी द्वारा पेंशनरों से जीवित प्रमाण पत्र व पैन कार्ड के लिए उन्हें तंग न किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अधिकतर पेंशनर बुजुर्ग हैं तथा उन्हें संबंधित दस्तावेज जमा करवाने के लिए उचित समय दिया जाए, जिससे उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
